फैज़ान खान, नई दिल्ली, NIT:

जैसे-जैसे भारत बंद की तारीख नजदीक आती जा रही है वैसे-वैसे गांव-गांव में 21 अगस्त के आंदोलन को सफल बनाने के लिए दलित समाज के लोग और संगठन संयुक्त नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए अनुसूचित जाति/ जनजाति के आरक्षण में वर्गीकरण के फैसले के खिलाफ दलित समाज के लोग लाखों की संख्या में लामबंद हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि भीम सेना के आहवान पर भारत बंद की घोषणा से कश्मीर से कन्याकुमारी तक लाखों दलित संगठन भी एकजुट नजर आ रहे हैं। सुबह से लेकर शाम तक बैठकों का दौर चल रहा है।
माना जा रहा है कि आने वाली 21 अगस्त को कुछ बड़ा होने वाला है। लगातार आ रही प्रेस सूचनाओं के मुताबिक दलित समाज के लोगों ने भारत बंद में कहीं मशाल यात्रा, कहीं संविधान यात्रा, कहीं चक्का जाम और कहीं बाजार बंद की तैयारियां की हुई हैं। जानकारी के मुताबिक इस दौरान भारत बंद कराने के लिए बहुत बड़ी संख्या में भीम सैनिक घरों से बाहर निकल सकते हैं। भीम सेना के प्रमुख नवाब सतपाल तंवर ने भारत बंद को सफल बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हुई हैं। इसके लिए उन्होंने दिशा-निर्देश और एडवाइजरी भी जारी की है। अब तंवर पूरे देश में भारत बंद करने वाले भीम सैनिकों से ऑनलाइन मीटिंग के माध्यम से भारत बंद की तैयारियों का जायेजा लेने में जुटे हैं।

