रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मेघनगर के औद्योगिक क्षेत्र में शीघ्र क्रियाशील होगा सीईटीपी (वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट) औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर अंतर्गत केमिकल फैक्ट्रीयों तथा सीईटीपी (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) का निरीक्षण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं एमपीआईडीसी के अधिकारियों के साथ एसडीएम मुकेश सोनी द्वारा निरीक्षण किया गया। इन इकाइयों से प्रदूषित पानी निकलकर गारिया नाले में जाकर मिलता है जहां से आगे चलकर अनास नदी में पहुंचने से नदी के पानी को भी प्रदूषित करता है। जिससे मेघनगर की पेयजल सप्लाई रोकनी भी पड़ती है।

मीडिया के जागरूक पत्रकारों ने इस समस्या को उठाया। जिससे जिला कलेक्टर नेहा मीना द्वारा समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए गए जिसके चलते उद्योग क्षेत्र में स्थापित सीईटीपी संयंत्र के क्रियाशील करने की दिशा में काम शुरू किया जा रहा है। संयंत्र को शुरू करने हेतु मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा एनओसी जारी कर दी गई है। अब केमिकल फैक्ट्री से दूषित पानी परिवहन कर सीईटीपी संयंत्र तक लाया जाकर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू किया जाना है, जो इसी सप्ताह प्रारंभ होने की संभावना है।

इस कार्यवाही के दौरान कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम, प्रदूषण बोर्ड तथा एमपीआईडीसी के अधिकारियों द्वारा आगामी कार्रवाई की जाने बाबत निरीक्षण किया जा रहा है। मध्य प्रदेश उद्योग विकास निगम द्वारा समस्त केमिकल फैक्टरीज को पत्र जारी कर सूचना दी गई है की वह अपनी इकाई का प्रदूषित पानी सीईटी प्लांट पर पहुंचने के लिए कार्यवाही शुरू कर दें।

