मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर के नागझिरी वार्ड में शुक्रवार को नगर निगम की टीम का ज़िला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के प्रवक्ता शेख रुस्तम के नेतृत्व में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जमकर विरोध हुआ। नगर निगम की टीम इस क्षेत्र में नल कनेक्शन काटने के लिए पहुंची थी। एक अभियान के तहत नगर निगम का अमला इस वक्त लोगों पर बकाया टैक्स के चलते नल कनेक्शन काटने का काम कर रही है, जिससे लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है और लोग परेशान हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि वह टैक्स देने के लिए तैयार हैं लेकिन उन्हें समय दिया जाना चाहिए और एक मुश्त रकम देने में वह असमर्थ हैं।
इसीलिए वह किस्तों में बकाया टैक्स का भुगतान करने के लिए तैयार हैं। स्थानीय लोगों के विरोध के चलते नगर निगम की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। मंजरी स्थित पीपालघाट के लोगों ने बताया कि तीन दिनों से यहां पर जलापूर्ति बंद करके रखी गई है जिससे लोगों को नदी से या अन्य वार्डों से जाकर पानी लाना पड़ रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता शेख रुस्तम ने कहा कि नगर निगम को टैक्स वसूली के लिए लोगों को समय देना चाहिए और इस तरह से टैक्स की वसूली की जाएगी तो लोगों को परेशानी होगी। लेकिन ऐसा हरगिज नहीं होना चाहिए कि टैक्स नहीं तो पानी नहीं। नगर निगम के इस अभियान का कांग्रेस पार्टी विरोध करती है और जबरिया नल कनेक्शन काटने का काम बंद नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी।
