इदरीस मंसूरी, गुना (मप्र), NIT:

गुना जिले के धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह चौहान एवं उनकी टीम द्वारा लगभग एक माह पूर्व राजस्थान के मनोहर थाना कस्बे में एक ज्वेलर्स की दुकान से 50 किलोग्राम से भी अधिक बजनी चांदी के जेवरात चोरी की घटना में चोरी किये गए चांदी के संपूर्ण ज़ेवर वजनी 54.300 किलोग्राम के ज़ेवर बरामद करने में कामयाबी हासिल की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2024 को ज़िले के धरनावदा थाना प्रभारी को खास मुख़बिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि आज से करीबन एक माह पहले राजस्थान के मनोहर थाना कस्बे में सोने-चांदी की एक दुकान से भारी मात्रा में चांदी की रकम चोरी हुई थी, इस चोरी का माल ग्राम बीलाखेड़ी में सगुन बाई पारदी के खेत में गाड़कर रखा हुआ है।
इस सूचना के मिलते ही धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह चौहान टीम के साथ तत्काल ग्राम बीलाखेडी पहुंची और जहां सगुन बाई पारदी के खेत में मुखबिर द्वारा बताई जगह पर खुदाई करवाई गई। इस खुदाई में कपड़े की एक बड़ी पोटली मिली जिसे खोलकर देखने पर उसमें कपड़े की अलग-अलग पोटलियों में चांदी के ज़ेवर रखे हुए मिले, जिनका वजन करने पर पोटलियों सहित 59.550 किलोग्राम वजन पाया गया एवं चांदी की रकमों को अलग से तौलने पर चांदी का कुल वजन 54.300 किलोग्राम पाया गया।
चांदी की उक्त पोटलियों में कपिल अग्रवाल नाम के व्यक्ति का एक आधार कार्ड भी मिला। मौके से बरामद 54.300 किलोग्राम चांदी कीमती करीबन 53 लाख रुपये को धरनावदा थाना पुलिस द्वारा विधिवत धारा 106 बीएनएसएस के तहत जप्त कर बरामद चांदी के संबंध में थाना मनोहर थाना पुलिस से संपर्क किया गया, जिसमें मनोहर थाना पुलिस ने बताया कि आज से करीबन एक माह पहले दिनांक 12-13 जून 2024 की रात्रि में मनोहर थाना कस्बा निवासी भंवरलाल अग्रवाल की सोने-चांदी की दुकान से करीबन 50 किलोग्राम से भी अधिक चांदी के जेवरों की चोरी हुई थी।
इस घटना पर से थाना मनोहर थाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अप.क्र. 242/24 धारा 457, 380 भादवि का अपराध दर्ज है, साथ ही चोरी हुए माल का हुलिया एवं कपिल अग्रवाल नाम का एक आधार कार्ड भी माल के साथ चोरी होना बताया गया, जिससे उक्त बरामद माल की थाना मनोहर थाना के अप.क्र. 242/24 में चोरी हुए माल से पुष्टि होने पर उक्त चोरी का माल धरनावदा थाना पुलिस द्वारा बरामद किए जाने की सूचना थाना मनोहरथाना पुलिस को दी गई है। साथ ही बरामद हुई चांदी की चोरी के प्रकरण के अज्ञात आरोपियों के संबंध में धरनावदा थाना पुलिस द्वारा अपने मुख़बिर तंत्र एवं ग्रामीणों से जानकारी जुटाने के प्रयास किये जा रहे हैं। इस प्रकार धरनावदा थाना पुलिस द्वारा राजस्थान के थाना मनोहरथाना के अपराध में चोरी गये माल कीमती करीबन 53 लाख रुपये के चांदी के जेबरों की रिकवरी की गई है, जो कि संपत्ति संबंधी मामलों में माल रिकवरी की गुना जिले में अभी तक की संभवतः सबसे बड़ी सफलता है।
एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमति दीपा डोडवे के नेतृत्व में धरनावदा थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह चौहान, उपनिरीक्षक जयनारायण शर्मा, झागर चौकी प्रभारी सउनि संतोष तिवारी, सउनि राजेश कुमार भिलाला, सउनि सीताराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक देवेन्द्रपाल सिकरवार, प्रधान आरक्षक दीपक तोमर, प्रधान आरक्षक दिलीप सेन, प्रधान आरक्षक कल्याण सिंह केवट, आरक्षक सत्येन्द्र गुर्जर, आरक्षक राकेश गुर्जर, आरक्षक धर्मेन्द्र धाकड, आरक्षक राघवेन्द्र बुंदेला, आरक्षक चालक सुंदर रमन, आरक्षक चालक कप्तान सिंह, महिला आरक्षक प्रियंका ओझा आदि की सराहनीय भूमिका रही है।
