यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत गठित उपखंड स्तरीय ब्लॉक अभिसरण समिति की बैठक का आयोजन उपखंड अधिकारी धौलपुर साधना शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को किया गया। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ अन्य सहयोग विभागों के अन्तर्विभागीय समन्वय पर चर्चा की गई। इस सम्बंध में उपखण्ड अधिकारी साधना शर्मा ने बताया कि ब्लॉक धौलपुर में 12 आंगन बाड़ी केंद्र ऐसे हैं जो भवन विहीन है उक्त केंद्रों हेतु निःशुल्क भूमि के पट्टे जारी करने पेयजल विहीन 26 आंगन वाड़ी केंद्रों में पेयजल की व्यवस्था तथा 11 केंद्रों के हैंड पम्प की मरम्मत कराए जाने के विकास अधिकारी धौलपुर को निर्देश दिए। इसके अलावा बाल विकास परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्रों के आंगन बाड़ी केंद्र हेतु निकटतम विद्यालयों में शिफ्टिंग के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जावे। जो आंगन वाड़ी केंद्र अभी भी विद्युत विहीन है उनके विद्युत कनेक्शन कराए जाए। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि आंगन बाड़ी केंद्रों पर आयरन फोलिक एसिड टेबलेट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा मातृ शिशु स्वास्थ्य दिवस का माइक्रोप्लान शेयर करने के निर्देश दिए बैठक में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि शिशु लिंगानुपात में गिरावट बहुत ही गम्भीर है इसके लिए चिकित्सा एवं महिला बाल विकास विभाग दोनों की समेकित जिम्मेदारी है जिसके लिए विभागीय योजनाओं प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, इंदिरा गांधी मातृत्व पोषण योजना, राजश्री योजना के बारे में व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए शुरुआती माहों में ही गर्भवती महिलाओं का केंद्र पर पंजीकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषाहार, टीकाकरण सुनिश्चित किया जाये। इसके अलावा संपूर्ण गर्भकाल के दौरान उस महिला की नियमित निगरानी की जाये एवं उड़ान योजना में सेनेटरी नैपकिन वितरण की नियमित मोनिटरिंग की जाये। बैठक में विकास अधिकारी शिवदत्त गोस्वामी, बीसीएमओ हरिओम जाटव, एईएन पीएचईडी कृष्णकांत, सीडीपीओ भूपेश गर्ग सहित अन्य उपस्थित रहे।
