मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिला मजिस्ट्रेट उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत शांति एवं कानून व्यवस्था के संबंध में ताजिया आयोजकों के साथ बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया मोहर्रम का त्यौहार 7 जुलाई से 18 जुलाई चंद्र दर्शन के अनुसार मनाया जाएगा। डीएम ने आयोजकों से कहा कि ताजिया की ऊंचाई निर्धारित सीमा में ही होनी चाहिए। ढोल ताशे डीजे आदि की आवाज सीमित रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की जुलूस मार्गाें का स्वयं भ्रमण कर कमियों को दूर कराएं। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गाें में ढीले तार, रास्ते में पड़ने वाले ट्रांसफार्मर, खराब सड़कों आदि का कार्य समय से पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाये जाए। तहसील स्तर पर भी शांति समिति की बैठक संबंधित एसडीएम, पुलिस क्षेत्र अधिकारी तथा थानाध्यक्ष द्वारा कर ली जाए।
डीएम ने अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को निर्देश दिए कि कहीं भी लटकते हुए तार न पाए जाएं।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कहा कि परंपरागत ढंग से त्यौहार आयोजित किए जाएं, कोई नयी व्यवस्था न लागू की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में सक्रिय रहकर त्यौहार शांतिपूर्ण मनाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर के गौतम, नगर मजिस्ट्रेट पर्वेंद्र कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
