राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

मुआर से केसली को जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग की सड़क के दोनों और मुरम के ढेर दुर्घटना का केंद्र बन गए हैं। ताजा मामला शुक्रवार की शाम को घटित हुआ, जब एक चार पहिया बोलेरो वाहन मुरम के ढेर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें सवार दो लोग बुरी तरह घायल हो गए, देवरी पुलिस एवं ग्रामीणों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी से बाहर निकाल गया, जिन्हें 108 एंबुलेन्स की मदद से देवरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मुआर से चिखली जमुनिया के बीच ग्राम डूंगरिया के पास लोक निर्माण विभाग की सड़क की मरम्मत का काम ठेकेदार द्वारा कराया गया है। ठेकेदार द्वारा सड़क के दोनों ओर शोल्डर भरने के लिए मुरम के ढेर लगाए गए हैं लेकिन उन्हें फैलाया नहीं गया है। जिस कारण मुरम के ढेर दुर्घटनाओं का केंद्र बन गए हैं आए दिन वाहन दुर्घटनाएं इन ढेरों के कारण हो रही है। शुक्रवार को हुई वाहन दुर्घटना ग्राम डूंगरिया के पास घटित हुई है जिसमें सागर के बाघराज वार्ड निवासी हेमंत पटेल 41 साल एवं ग्राम बिछुआ निवासी महेश पटेल 19 साल बुरी तरह घायल हो गए हैं जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज़ चल रहा है।
