सरवर खान ज़रीवाला, भोपाल, NIT;
राज्य शासन द्वारा पिछले वर्ष रेलवे को अंडरब्रिज के लिए राशि देने के बावजूद अब तक नई गरीबी लाइन इटारसी और ग्वालटोली होशंगाबाद में अंडरब्रिज का काम प्रारंभ नहीं हो सका है। काम शुरु होना तो दूर बात इसकी पहलकतक नहीं हो पाई है जबकि विधानसभा अध्यक्ष से तत्कालीन जीएम आर चंद्रा ने दीपावली के बाद नवंबर से काम शुरु कराने का भरोसा दिलाया था। ग्वालटोली और इटारसी में नई गरीबी लाइन में रेलवे लाइन पर अंडरब्रिज का निर्माण कार्य इसी वर्ष नवंबर से प्रारंभ होने की उम्मीद थी लेकिन वर्ष 2016 खत्म होकर नया वर्ष प्रारंभ हो गया है फिर भी कोई पहल नहीं दिख रही है। अब मप्र विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा ने इस संबंध में पुन: पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम और रेल मंत्रालय से पत्राचार करने की तैयारी कर ली है।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा से जीएम की चर्चा और ओएसडी बीएल विश्वकर्मा के लिखे पत्र के जवाब में पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य पुल इंजीनियर आरएन सुनकर ने टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य नवंबर 2016 से प्रारंभ करके दिसंबर 2017 में पूर्ण कर लिए जाने की संभावना जतायी थी। उनके इस जवाब के बाद नवंबर में कार्य प्रारंभ होने के बाद 13 माह में रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो जाने की उम्मीद थी।
मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा की ओर से उनके ओएसडी बीएल विश्वकर्मा द्वारा महाप्रबंधक को लिखे गए पत्र में बताया था कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के क्रियान्वयन के तारतम्य में लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण उपसंभाग, होशंगाबाद द्वारा होशंगाबाद के इटारसी-भोपाल रेलवे क्रासिंग क्रमांक 233 ग्वालटोली के पास रेलवे अंडरब्रिज निर्माण तथा इटारसी में इटारसी-भोपाल सेक्शन क्रासिंग क्रमांक 225 में गरीबी लाइन रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा किया जाए।
