मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर बुरहानपुर कांग्रेस कमेटी ने राजस्थानी भवन में बैठक का आयोजन कर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से चर्चा कर चुनाव को लेकर उनसे सुझाव मांगे। बुरहानपुर जिले के कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व विधायक कैलाश कुंडल ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उनके सुझाव सुने और चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति से भी संगठन को अवगत कराया। प्रभारी कैलाश कुंडल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पूरे जोश के साथ कांग्रेस के लिए कम करें और कांग्रेस की देश के युवा, किसान, महिला और आमजन की सहभागिता को लेकर कांग्रेस की गारंटी जन-जन तक पहुंचाएं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष रिंकू टांक ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा की गारंटी या मंत्र जुमला है, लेकिन कांग्रेस की गारंटीयों का देश की हकीकत से वास्ता है और वर्तमान में देश की जरूरत है और भाजपा कांग्रेस की गारंटीयों से इतनी घबराई हुई है की प्रचार माध्यमों पर कब्जा कर गारंटीयों को जनता तक पहुंचने से रोकने का भरसक प्रयास कर रही है और हमें कांग्रेस की यही गारंटिया लेकर जनता तक पहुंचना है। कार्यक्रम में कांग्रेस के समस्त कार्यकर्ता और पदाधिकारी गण मौजूद थे। उक्त जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता शेख रुस्तम ने दी।
