वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

सर्दी में अंगीठी जलाकर सोना उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में एक परिवार को भारी पड़ गया। उत्तर प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे निजात पाने के लिए लखीमपुर खीरी जनपद की नगर पंचायत मैंलानी में एक परिवार सोमवार की रात कमरे में अंगीठी जलाकर सो गया, उसके धुएं के कारण दम घुटने से आठ व सात साल के दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों भाई बहन थे, जबकि दोनों के माता पिता की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसा वार्ड नं.12 खुटार रोड मोहल्ला ईदगाह कस्बा मैंलानी में हुआ, हादसे की जानकारी मंगलवार की सुबह उस समय हुई, जब मोहल्ले वालों ने देखा कि घर में हलचल नहीं हो रही है। सुबह जब मोहल्ले वालों ने देखा कि पड़ोस के घर से कोई भी आवाज़ नहीं आ रही है, तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था, आवाज देने पर कोई भी सुन नहीं रहा था।
मैंलानी इंस्पेक्टर पंकज त्रिपाठी के मुताबिक रात में सर्दी ज्यादा होने के चलते रमेश ने घर के कमरे में ही अंगीठी जलाकर रख दी और पूरा परिवार सो गया, लेकिन सुबह जब दरवाज़ा काफी देर तक नहीं खुला तो पड़ोसियों ने खटखटाया पर दरवाज़ा नहीं खुला, तो पुलिस को सूचना दी गई। जब अंदर देखा गया तो बेटी अंशिका और बेटे कृष्णा की मौत हो चुकी थी। वहीं रमेश और रेनू देवी बेहोश पड़े थे, तुरंत ही दोनों को मैंलानी अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। इंस्पेक्टर मैलानी पंकज त्रिपाठी का कहना है, कि प्रथम दृष्टया मामला धुएं से फैली गैस से दम घुटने का लग रहा है। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, माता पिता को भी अस्पताल भेजा गया है।
