अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश के शाजापुर में ड्राइवर एसोसिएशन एवं प्रशासन के बीच मंगलवार को एक बैठक हुई। इस दौरान कलेक्टर और एक ड्राइवर के बीच तीखी नोकझोंक हो गई जिस का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अपशब्दों का उपयोग करने वाले कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल को स्थानांतरित कर सुश्री ऋजु बाफना को अब शाजापुर जिला कलेक्टर पदस्थ किया गया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शाजापुर में ट्रक ड्राइवरों और प्रशासन के बीच हुई बैठक के दौरान अफसरों द्वारा जिन शब्दों का उपयोग किया गया, उसकी हम निंदा करते हैं। अफसरों की गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अधिकारी भाषा और व्यवहार का ध्यान रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को गरीबों के काम और भाव दोनों का सम्मान करना चाहिए।
क्या था पूरा मामला
ड्राइवरों की बैठक में कलेक्टर ने कहा कोई कानून को अपने हाथ में कोई नहीं लेगा, एक ड्राइवर ने कलेक्टर को कहा अच्छे से बोलो। इतने में कलेक्टर भड़क उठे और कहा गलत क्या है। समझ क्या रहे हो, क्या करोगे तुम, तुम्हारी औकात क्या है। ड्राइवर ने कहा यही लड़ाई है हमारी कोई औकात नहीं है। कलेक्टर ने कहा लड़ाई ऐसे नहीं होती है। कृपया करके कोई भी कानून अपने हाथ में न लें, आपकी सारी बातों को सुनने के लिए यहां बुलाया है। कलेक्टर द्वारा तुम्हारी औकात क्या है, इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
