इदरीस मंसूरी, गुना (मप्र), NIT:

गुना जिले के चांचौड़ा थाना पुलिस टीम द्वारा शासकीय चावल से भरा बोलेरो पिकअप वाहन पकड़ने में सफलता हासिल की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रात में जिले के चांचौडा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि गुना की ओर से एक बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP08 GA 2143 में शासकीय राशन की दुकानों पर गरीबों को वितरण होने वाला चावल भरकर उसे बेचने के लिए राजगढ-ब्यावरा के तरफ ले जाया जा रहा है।

इस सूचना के मिलते ही चांचौडा थाने से पुलिस की एक टीम कार्यवाही हेतु तत्काल जोगीपुरा टोल नाके पर पहुंची और जहां पर उक्त बोलेरो पिकअप वाहन के आने का इंतजार किया, और कुछ ही देर बाद उक्त बोलेरो पिकअप वाहन के आने पर पुलिस द्वारा उसे रोक लिया गया, जिसके चालक ने पूछताछ पर अपना नाम विनोद पुत्र चिरोंजीलाल ओझा उम्र 33 साल निवासी ग्राम टगरैया कला हाल साहू साहू मोहल्ला कुंभराज का होना बताया।
पुलिस द्वारा उक्त पिकअप को चेक करने पर उसमें 40 कट्टों में कुल 20 क्विंटल चावल भरा हुआ पाया गया, जिसकी जांच कराने पर चावल पीडीएस के होना पाये गये। पुलिस द्वारा चालक विनोद ओझा से चावल के संबंध में पूछने पर उसने उक्त चावल कुंभराज तरफ से भरकर लाना बताया, पुलिस द्वारा आरोपी पिकअप चालक विनोद ओझा के कब्जे से 20 क्विंटल चावल कीमती 50 हजार रूपये एवं चावल परिवहन में प्रयोग किए जा रहे बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP08 GA 2143 बरामद कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया गया एवं जिसके विरूद्ध चांचौडा थाने पर अप.क्र. 613/23 धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
