रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बडोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय थान्दला, झाबुआ-2 में प्रथम भूतपूर्व छात्र सम्मेलन ‘प्रतिबिम्ब’ का आयोजन किया गया है। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती भावना शेलके द्वारा मुख्य अतिथि, पुलिस अधीक्षक अगम जैन तथा विशिष्ठ अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे का शाल, श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। विद्यालय के प्राचार्या द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया गया। विद्यालय के अनेक भूतपूर्व विद्यार्थी चिकित्सा, इंजीनियरिंग तथा शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत हैं। भूतपूर्व छात्र सम्मेलन के संयोजक रूप में विद्यार्थी अभिजीत कुशवाह ने छात्रों को एक कड़ी के रुप में जोड़ने का कार्य किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा राजस्थानी लोक नृत्य तथा देशभक्ति नाटक की शानदार प्रस्तुति दी गई। भूतपूर्व विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय की मधुर स्मृतियों और क्षणों को याद करते हुए छात्र-छात्राओं के साथ अपने अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अगम जैन ने आवासीय विद्यालय की सदन व्यवस्था को उत्तम बताते हुए विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया एवं विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ कहानी, उपन्यास एवं अन्य प्रेरक पुस्तकें पढ़ने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यालय में पूर्व छात्रों ने अपने पुराने साथियों के साथ सेल्फी ली तथा मैत्री किक्रेट मैच का आनन्द लिया।विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक अभिषेक जायसवाल द्वारा अतिथियों एवं भूतपूर्व छात्र-छात्राओं का धन्यवाद प्रस्तुत किया गया।
