मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसाइटी की मध्य प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष हाजी मतीन अजमल ने बताया कि हज 2024 के लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भारत सरकार अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा घोषित कार्यक्रम एवं दिशा निर्देशों (गाइडलाइन) के अनुसार प्रारंभ की जाकर 20 दिसंबर 2023 तक आवेदन की तिथि घोषित की गई थी। इस कड़ी में बुरहानपुर ज़िले की पुरानी परंपरा अनुसार दफ़्तर अंजुमन खुद्दामुल हुज्जाज मंडी बाजार बुरहानपुर से संस्था के सरपरस्त हज़रत सैयद तिलत तमजीद उर्फ़ बाबा मियां की सरपरस्ती में और दफ्तर ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसाइटी दाउदपुर बुरहानपुर में परफेक्ट ग्राफिक से संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत खान खंडवा की सरपरस्ती में आनलाइन आवेदन पत्र भरे जा रहे थे। हज वेलफेयर सोसाइटी के जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अली अंसारी दादा और सचिव अब्दुल रज़्ज़ाक़ सिद्दीक़ी ने बताया कि इस दौरान दोनों सेंटर से निर्धारित तिथि 20 दिसंबर 2023 तक आरक्षित श्रेणी के एक कवर में 2 लोगों सहित मात्र 63 आवेदन पत्र ही प्राप्त हुए हैं। जोकि ज़िले की पुरानी परंपरा के हिसाब से बहुत ही कम है। हालांकि भारत सरकार संख्या कार्य मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा हज आवेदन की तिथि 15 जनवरी 2024 तक बढ़ाई गई है। इस अवधि में जो लोग हज आवेदन करने से किसी कारण वंचित रह गए हैं वे बढ़ाई गई निर्धारित तिथि 15/01/2024 तक या इसके पूर्व अपने ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इस सिलसिले में आवेदकों को समुचित मार्गदर्शन हेतु दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों/ हज सेवकों से कार्यालय समय में संपर्क स्थापित किया जा सकता है। हाजी मतीन अजमल ने ज़िले की समस्त मस्जिद के इमाम हज़रात से भी अपील की है कि वह मुस्लिम समाज जनों को हज आवेदन के लिए प्रेरित करें।
