अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्ग दर्शन में तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा व स्टेशन निदेशक मथुरा जं. एस के श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में आगरा मंडल के मथुरा वीआईपी लाउन्ज में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट और सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड के प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षक हेमेंद्र कुमार मौर्य द्वारा आपातकालीन प्राथमिक सहायता (सीपीआर) का प्रशिक्षण 30 कर्मचारियों को आज दिया गया है तथा 300 कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य फ्रंट लाइन स्टाफ कार्य के दौरान यात्रियों को कार्डियक अरेस्ट यानि कि हृदय गति रूक जाने पर तत्काल चिकित्सा सहायता देने के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। एक्सीडेंट या और कोई वजह से हृदय की गति रुक जाती है, सांस रुक जाती है तो उस गोल्डन पीरियड में यह तकनीक बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जाती है। इससे इंसान की जान बचने की संभावना बनी रहती है। सीपीआर प्रशिक्षण एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्रोग्राम है। इसके लिए आपको सही तकनीक पता होना जरूरी है।
इस प्रशिक्षण के दौरान प्राथमिक सहायता के सुनहरे नियम जल्द से जल्द दुर्घटना स्थल पर पहुँचे, अनावश्यक प्रश्न पूछकर समय बर्बाद न करें, चोट का कारण जल्दी से पता करें, चोट लगने वाली वस्तु को रोगी से अलग करें, जैसे गिरने वाली मशीनरी, आग, बिजली का तार, जहरीले कीड़े या कोई अन्य वस्तु, पता लगाएँ कि क्या मरीज मर चुका है, जीवित या बेहोश है, प्राथमिक उपचार उपायों की प्राथमिकता निर्धारित करें।
इस अवसर पर स्टेशन निदेशक मथुरा एस के श्रीवास्तव के साथ वाणिज्य विभाग के फ्रंट लाइन कर्मचारी उपस्थित रहे।
