मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

विधानसभा चुनाव 2023 के संपन्न होने और बीजेपी को स्पष्ट बहुमत एवं जनादेश मिलने के बाद भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मध्य प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य पर चौंकाने वाले नाम की घोषणा करते हुए मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री रहे डॉक्टर मोहन यादव (उज्जैन) को प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कमान सौंपी है। प्रधान मंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित अनेक अति विशिष्ट गणमान्य जनों की उपस्थिति में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने गत दिवस मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद अपना कामकाज प्रारंभ कर दिया है। जहां बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश विधानसभा का अगला स्पीकर निर्वाचित किया जाना प्रस्तावित किया है, वहीं विधानसभा की कार्रवाई के संचालन हेतु प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति की जाकर मध्यप्रदेश विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य एवं भाजपा नेता श्री गोपाल भार्गव को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। जो सभी निर्वाचित विधायकों को सदन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी कार्य सूची के अनुसार 18 दिसंबर 2023 से प्रारंभ हुए विधानसभा सत्र में विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यगण सहित बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस दीदी ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। बुरहानपुर वासियों को उम्मीद थी कि बुरहानपुर की लाडली विधायिका एवं जागरूक नेत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस दीदी को विधान सभा स्पीकर या डिप्टी सीएम लेवल का महत्त्वपूर्ण पद मिल सकता है लेकिन भाजपा नेतृत्व की कुशाग्र रणनीति के तहत उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पाया है। अब उम्मीद की जा रही है कि मंत्रिमंडल में उनकी सीनियरिटी के मान से उन्हें अच्छे पद और सम्मान से नवाजा जाएगा।
