गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:

राज्य शासन की मंशा के अनुरूप विकसित भारत संकल्प यात्रा आज दतिया जिले के 8 ग्रामों में पहुंची। यात्रा के माध्यम से 800 से अधिक हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ दिलाया गया।

कलेक्टर श्री संदीप माकिन के निर्देशों के तहत जिले में 16 दिसंबर से 26 जनवरी तक विकसित भारत संकल्प यात्रा गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ योजनाओं के लाभ से वंचितहितग्राहियों को लाभान्वित् किया जाएगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान विकास रथ के माध्यम से योजनाओं की ग्रामीणों को भी जानकारी दी जा रही है।
इसी कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश भार्गव ने रविवार को गोविंदपुर में पहुंचकर विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में भाग लिया और यात्रा के बारे में ग्रामीणों को जानकारी देते हुए उन्हें शपथ भी दिलाई। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धनंजय मिश्रा ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा आज जिले के आठ गांवों में पहुंची यह यात्रा प्रात 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से दोपहर 5 बजे तक गांव -गांव पहुंच रही है। यह संकल्प यात्रा 26 जनवरी तक निरंतर जारी रहेगी।
संकल्प यात्रा के दौरान उक्त ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं उपचार शिविर और पशुपालन विभाग द्वारा पशु उपचार एवं टीकाकरण शिविर भी आयोजित किया गया।
