कासिम खलील, बुलढाणा ( महाराष्ट्र ), NIT; 
अपने खेत में काम कर रही एक 55 वर्षीय महिला किसान पर अचानक से भालू ने हमला कर दिया जिसमें महिला जख्मी हो गई जिसे उपचार के लिए बुलढाणा जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चिखली तहसील अंतर्गत ग्राम बोरगांव काकडे की निवासी लक्ष्मी भास्कर दहीभाते मंगलवार सुबह दहीगांव शिवार स्थित अपने खेत में काम के लिए गई हुई थी। वह अकेली ही खेत में काम कर रही थी की दोपहर 1 बजे के समय एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए भालू के हमले से महिला ने चीख पुकार की तब आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी दौड़े चले आए। तत्पश्चात अपनी ओर लोगों को दौड़ता हुआ आता देख भालू भाग निकला।
इस हमले में लक्ष्मी दहीभाते को जख्मी अवस्था में पहले चिखली के ग्रामीण अस्पताल में दाखिल किया गया जहां से उन्हें अधिक उपचार के लिए बुलढाणा के जिला सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया। फिल्हाल जख्मी लक्ष्मी दहीभाते का बुलढाणा में उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के डीएफओ बी.टी.भगत, एसीएफ गिरी, वनपाल विजय भोसले, जाधव अस्पताल में पहुंचे और ज़ख़्मी महिला को उपचार के लिए तत्काल 10 हज़ार रुपए की मदद दी।
