मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के बंडा कस्बे में छापा मारकर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए उसको अपने साथ ले गई है। एनआईए ने यह कार्रवाई बेंगलुरु में नकली नोटों से जुड़े एक मामले में की है।
एनआईए की टीम ने बंडा थाना क्षेत्र स्थित रामनगर कॉलोनी में रहने वाले विवेक ठाकुर उर्फ आदित्य के घर पर छापा मारा। इस दौरान किसी को बाहर से अंदर और अंदर से बाहर नहीं जाने दिया गया। कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी ने युवक के पास मिले लैपटॉप, मोबाइल सहित कई दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके बाद एनआईए टीम पूछताछ के लिए उसे अपने साथ लेकर गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर सुधीर जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर उन्हें जो जानकारी मिली है वो यह है कि बेंगलुरु में नकली नोटों से जुड़े एक मामले में विवेक का नाम सामने आया है। इसी सिलसिले में एनआईए ने यहां पर छापा मारा और आदित्य सिंह और विवेक ठाकुर को अपने साथ ले गई है साथ ही लेपटॉप और दो मोबाइल भी जप्त किए हैं।
