मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

नेपानगर न्यायालय में प्रेक्टिस करने वाले सभी अधिवक्ता बंधु, जिलाअधिवक्ता संघ बुरहानपुर का अभिन्न अंग हैं।आपके हर सुख दुख में मैं पहले भी साथ में था और आगे भी साथ में रहूंगा। उक्त उदगार बुरहानपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता यूनुस पटेल ने नेपानगर न्यायालय परिसर के सभा कक्ष में आयोजित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान समारोह में नेपानगर के अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं।इस अवसर पर निर्वाचित सचिव एडवोकेट संतोष देवताले ने कहा कि वर्तमान में नेपानगर अधिवक्ता बंधुओं की संख्या 35 के आसपास हो चुकी है और यदि नेपानगर न्यायालय में प्रेक्टिस करने वाले एडवोकेट अपना पृथक से नेपानगर तहसील अधिवक्ता संघ का गठन करना चाहते हैं तो इसकी मान्यता दिलाने और पंजीयन कराने में हमारी नवीन कार्यकारिणी पूरा सहयोग प्रदान करेगी।
आपने पदाधिकारियों के गरिमामय स्वागत समारोह के लिए सभी अधिवक्ता बंधुओ के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सूत्र संचालन कर रहे नेपानगर के एडवोकेट संजय अहीरे ने कहा कि जिलाअधिवक्ता संघ बुरहानपुर का हमें सदैव अविस्मरणीय सहयोग मिलता रहा है। सीनियर अधिवक्ता ओम प्रकाश आर्य ने नेपानगर अधिवक्ता बंधुओ के लिए कानून की किताबें उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही अधिवक्ता बाबू खान और विजय जवादे ने भी स्थानीय अधिवक्ताओं की समस्याओं से नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सचिव को अपने उद्बोधन के माध्यम से अवगत कराया । इस अवसर पर निर्वाचित कोषाध्यक्ष अनिल बिल्लोरे और लाइब्रेरियन एडवोकेट संदीप शाह का भी सम्मान हुआ। प्रारंभ में नेपानगर के अधिवक्ताओ में मुकेश नागर,अशफाक अशफ़ाक़ ख़ान, मनीष पवार, प्रकाश शर्मा,एस परिहार, संजय नाइके, एम राठौर, व महिला अधिवक्ता चंचल देवी सहित अनेक अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल माला और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत अभिनंदन किया।आभार अधिवक्ता विजय जवादे ने माना।
