यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

विधानसभा आम चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार अग्रवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विधानसभा वार मतदान दलों के लिए मजबूत व्यवस्थाएं की गई है। पोलिंग पार्टियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिए अलग अलग काउंटर बनाए गए हैं। मतदान दलों को बैठक स्थान पर ही मतदान समाग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। सभी प्रकोष्ठों के लिए पृथक पृथक बैठक व्यवस्था की गई है। प्रत्येक विधानसभा वार पार्किंग स्थल बनाए गए हैं ताकि मतदान दलों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। मतदान दलों के लिए पेयजल, अस्थाई शौचालय, चिकित्सा सुविधा की भी व्यवस्था की गई है। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बताते चलें विधानसभा आम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज से दो पारियों में प्रातः 8.30 बजे बसेड़ी और राजाखेड़ा के लिए एवं 10.30 बजे बाड़ी और धौलपुर विधान सभा क्षेत्र के लिए रवाना की जाएंगी। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी बाल कृष्ण तिवारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुदर्शन सिंह तोमर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र प्रभारी अखिलेश कुमार, सीओ सिटी सुरेश सांखला सहित अन्य आलाधिकारी मौजूद रहे।
