गौरझामर की आमसभा में विधायक हर्ष यादव बोले: भाजपा सत्ता के नशे में मदमस्त हाथी | New India Times

राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

गौरझामर की आमसभा में विधायक हर्ष यादव बोले: भाजपा सत्ता के नशे में मदमस्त हाथी | New India Times

कांग्रेस प्रत्याशी हर्ष यादव के समर्थन में गौरझामर के फूलबाग मैदान में आयोजित आम सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी हर्ष यादव ने भाजपा को सत्ता के नशे में मदमस्त हाथी कहा, उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं ने 18 वर्षों तक जनता के दुःख दर्द की चिंता नहीं की आने वाली कमलनाथ सरकार किसानों की है जो उनके कल्याण के लिए काम करेगी। किसानों को 5 हार्स पॉवर तक मुफ्त बिजली एवं 10 हार्स पॉवर के लिए आधे बिल की सौगात कांग्रेस देगी।

इसके पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी और क्षेत्रीय विधायक गौरझामर में कांग्रेस के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। बाद में फूल बाग में आयोजित सभा में कांग्रेस वक्ता भाजपा पर हमलावर रहे और मौजूदा चुनाव को लेकर कई प्रश्न खड़े किये। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी हर्ष यादव ने कहा कि 18 वर्षों की भाजपा सरकार सत्ता के नशे में मदमस्त हाथी है जो जिसने प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को कुचलने का काम किया है चाहे वह प्रदेश का किसान हो, कर्मचारी हो युवा हो या मजदूर-व्यापारी वर्ग हो सभी वर्गों का शिवराज सरकार में शोषण हुआ है। अब चुनाव के 2 माह पहले झूठी घोषणायें कर शिवराज जी ने प्रदेश को गुमराह करने का कार्य किया है। 18 वर्षों बाद बहनों की याद आ गई कर्मचारी याद आ गये। परंतु जनता से कुछ नहीं छुपा है।

हर्ष यादव ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले चुनाव में किसानों से 2 लाख रूपये तक के कर्ज माफ करने का वादा किया था, हमारी सरकार ने 15 माह में प्रदेश के 27 लाख किसानों के 1 लाख रूपये तक के कर्जों की माफी की परंतु सौदेबाजी कर हमारी सरकार गिरा दी गई और हम कर्जमाफी पूरी नहीं कर सके। विगत 42 माह से प्रदेश में भाजपा की सरकार है जिनकी मंशा किसानों को कर्ज से उबारने की नहीं रही, इस लंबे समय में वही चाहते तो प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ हो जाता परंतु उनकी ऐसी मंशा नहीं रही।

उन्होंने कुछ नहीं किया अब प्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पुनः आएगी जो आपके कर्ज को दूर करेगी और उस लगने वाले ब्याज को भी माफ करायेगी। यादव ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर प्रदेश के किसानों को 5 हार्स पॉवर तक सिंचाई पंप के लिए निःशुल्क विद्युत उपलब्ध कराई जाएगी साथ ही 10 हार्स पॉवर तक कनेक्शन का आघा बिल लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की अपनी सरकार आने के बाद किसानों की खाद – बीज समस्या का भी स्थाई समाधान किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के सौतेलेपन के कारण सागर जिले में सिर्फ देवरी एवं केसली को फसल क्षति राहत एवं बीमा राशि से वंचित रखा गया। परंतु आने वाला कल देवरी विधानसभा को होगा और अगले 5 वर्षों में विधानसभा विकास के सर्वोच्च पायदान पर होगी।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के नगर ब्लॉक अध्यक्ष गौरव पाड़े ने कहा कि भाजपा की सेवा और मानसिकता क्या है प्रदेश के पावन तीर्थ क्षेत्र मैहर पर एक मासूम के साथ बलात्कार होता है, उज्जैन में एक बच्ची दरिंदगी का शिकार होकर लहुलुहान हो जाती है, सीधी में भाजपा नेता आदिवासी चेहरे पर मूत्र विसर्जन करते हैं ये भाजपा के संस्कार हैं। आज हम वोट के हकदार इसलिए हैं क्योंकि हमने आपकी निस्वार्थ सेवा की है 10 वर्षों में हमने कोई भ्रष्टाचार कोई दलाली नहीं की, किसी गरीब को सताने वाले गुण्डों के पक्षधर नहीं रहे किसी को प्रताड़ित आतंकित करने का काम नहीं किया। आज हम एक ऐसे
कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं जो पूरे 10 वर्ष आपके दुख और सुख में साथ खड़ा रहा है।

कोरोना काल के समय जब नाते रिश्तेदार मुँह छुपा रहे थे तब हर्ष यादव आपके दुःख दर्द में विधानसभा के प्रत्येक कोने में जाकर खड़ा हुआ। जिसने कभी गुण्डों और आतंकियों को संरक्षण नहीं दिया और न ही किसी के जाति या धर्म में भेदभाव किया है। सभी को सम्मान और अधिकार दिया है। भाजपा की सरकार में आपके बच्चों के लिए कोई नौकरी कोई रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं है पढ़ लिखकर आपके बच्चे दूसरों की दूकानों में काम करेंगे, मंगोड़ी और पकोड़ी की दूकान खालेंगे। आज का युवा बेरोजगार है, निराशा से भरा है और उम्मीद से कांग्रेस की ओर देख रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंडी अध्यक्ष कैलाश पटैल ने कहा कि वोट देने से पहले आपको विचार करना होगा कि आप किसके हाथ मजबूत कर रहे हैं, वो आपकी सेवा करेगा आपके आत्म सम्मान की रक्षा करेगा कि नहीं। यदि आप सभी चाहते हैं कि क्षेत्र आतंक और शोषण से मुक्त हो तो आप सभी भय मुक्त होकर मतदान करें। सभा को वरिष्ठ कांग्रेस नेता सन्मति सेनी, अनंतराम रजक, सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version