फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:

मंगलवार देर रात भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सतपाल तंवर के ऊपर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। यह हमला उस वक्त हुआ जब वह अपनी कार को घर के सामने पार्क कर रहे थे। पहले से घात लगाकर बैठे 20 से 25 लोगों ने सतपाल तंवर की गाड़ी के ऊपर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। जिससे उनकी गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और गाड़ी के सारे शीशे भी टूट गए।

हमलावरों ने पत्थरों और डंडों से सतपाल तंवर के ऊपर हमला कर दिया और उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित भी किया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। मामला सेक्टर 50 थाना इलाके का है। सूचना पाकर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और भीमसेना चीफ नवाब सतपाल तंवर को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना सेक्टर 50 के एसएचओ राजेश ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने अस्पताल में भर्ती भीमसेना चीफ सतपाल तंवर के बयान लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
