मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जनपद के विभिन्न विद्यालयों में चल रहे विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने रविवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज, डॉ सुदामा प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज बाल विद्या मंदिर, इस्लामिया इंटर कॉलेज, प्राइमरी विद्यालय अंटा, एब्रिच इंटर कॉलेज आदि का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं ठीक नहीं पाई गईं। मतदेय स्थलों पर कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 अक्टूबर 2023 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जा चुका है। दावे और आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 27 अक्तूबर 2023 से 9. दिसंबर 2023 तक निर्धारित है।
इस अवधि में 4 व 5 नवम्बर, 2023, 25 व 26 नवम्बर, 2023 को विशेष अभियान तिथियां भी निर्धारित है।
इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार प्रसार न करने पर, जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए तहसीलदार सदर का जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में उन्होंने डॉ सुदामा प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया, अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के जवाब तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित अन्य कर्मचारियों को एक-एक कर मोहल्ले में भ्रमण करके कार्य करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय, अंटा, एब्रिच इंटर कॉलेज में कम नाम दर्ज होने पर भ्रमण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को मा० निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों का शतप्रतिशत अनुपालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शाम 4:00 बजे तक मतदेय स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। अन्यथा की स्थिति में कड़ी करवाही अमल में लाई जाएगी।
