अशफ़ाक़ क़ायमखानी, सीकर/जयपुर (राजस्थान), NIT:

विधानसभा आम चुनाव 2023 को स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्य में उपयोग होने वाली ईवीएम-वीवीपेट का प्रथम रेंडमाइजेशन शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित राष्ट्रीय सूचना केन्द्र के वीसी कक्ष में हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ स्वामी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार, प्रभारी अधिकारी आदर्श आचार संहिता एवं मीडिया प्रकोष्ठ रामरतन, ईवीएम प्रकोष्ठ प्रभारी मुनेश कुमारी तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी 8 विधानसभाओं के मतदान केंद्रो के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार ईवीएम-वीवीपेट के रेण्डमाईजेशन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान 2479 बीयू, 2479 सीयू तथा 2686 वीवीपैट का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ स्वामी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को रेंडमाइजेशन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी तथा संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारियों, रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा—निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव के दौरान मतदान दलों की रवानगी, पोस्टल बैलट व होम वोटिंग की सुविधा के कार्य के लिए परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी स्वामी ने आवश्यक सेवाओं में लगे कार्मिकों को मतदान का प्रयोग करने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मध्य में फेसिलिटेशन सेन्टर स्थापित करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। इस दौरान उन्होंने चुनाव के दौरान प्रत्येक निर्वाचन कार्य की विडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए।
