सरवर खान ज़रीवाला, भोपाल, NIT; 
हबीबगंज इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर प्राणाघातक हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। खबर है कि युवक बीती रात अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए बिट्ठन मार्केट पहुंचा था। वहां पर मौजूद तीन लोगों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की। इस मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। युवक ने बीती देर रात आरोपियों के खिलाफ संबंधित हबीबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।हबीबगंज पुलिस ने मीडिया को बताया कि फरियादी संदीप वर्मा पिता सुखलाल वर्मा उम्र 24 वर्ष निवासी प्रशासन अकादमी ग्यारह सौ क्वाटर्स, के शिकायती आवेदन पर आरोपी विकास सिंह, कुलदीप, प्रदीप के खिलाफ गाली गलौच कर प्राणघातक चोट पहुंचाने की धारा 307, 324, 294, 506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फरियादी संदीप वर्मा की दस नम्बर अरेरा कालोनी में शेड एंड शेड नामक दुकान है। बीती रात करीब साढ़े ग्यारह संदीप वर्मा अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए बिट्ठन मार्केट स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। पेट्रोल पंप के बाहर खड़े आरोपी विकास, कुलदीप, प्रदीप ने पुराने विवाद के चलते संदीप के साथ डंडों से मारपीट करना शुरु कर दिया। इस मारपीट में संदीप के सिर, हाथ, पीठ में गंभीर चोटें आईं है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार दोपहर आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
