अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन नमामि गंगे तथा ग्रामीण जल आपूर्ति विभाग उत्तर प्रदेश शासन के तत्वाधान में चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान के तहत खुनियांव विकास खण्ड के सभाभवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन नमामि गंगे तथा ग्रामीण जल आपूर्ति विभाग उत्तर प्रदेश शासन के तत्वाधान में चलाए जा रहे जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को विकास खण्ड खुनियाँव में संस्था मेंसर्स फाल्कन महाराष्ट्र ने जनजगरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता मेला, फिल्म प्रोजेक्टर, सामाजिक मानचित्र, ग्राम पेयजल स्वच्छता समिति की बैठक आदि कई तरह के कार्यक्रम किए गए। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पाइप पेयजल परियोजना के बारे में दूषित पेयजल से होने वाली बीमारियों के बारे में जल जीवन मिशन के अंतर्गत बनाई जा रही टंकी की पानी के लिए कनेक्शन के लिए आदि बातों पर जानकारी दी गई।
सामाजिक मानचित्रण के माध्यम से खुले में शौच करने से गंदगी हमारे घर तक कैसे आती है, इन सब के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ब्लाक प्रमुख श्रीमती रीता दूबे, खण्ड विकास अधिकारी राकेश कुमार शुक्ल, सहायक विकास अधिकारी पंचायत विकास कुमार चौधरी एवं जल जीवन मिशन की टीम से जिला परियोजना समन्वयक तौक़ीर आज़म, सहायक गोविंद सिंह, तरुण त्रिपाठी, अनिल निषाद, प्रशिक्षक प्रवीण कुमार, आशीष पाल, नुक्कड़ नाटक के कलाकार गिरजेश यादव, अनुज पाल, नीरज यादव एवं समस्त ग्राम पंचायत से आए पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में परिवर्तन लाएंगे और लोग पेयजल और स्वच्छता को लेकर अपनी जिम्मेदारी समझेंगे। इसके पश्चात ब्लॉक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी ने अपनी शुभकामनाओं के साथ हरी झंड़ी दिखाकर टीमों को ग्राम पंचायत के लिए रवाना किया।
