रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

कलेक्टर सुश्री तन्वी हुड्डा द्वारा आज मंगलवार को जनसुनवाई ली गई।
जनसुनवाई में प्रार्थी बालू पिता खुनसिंह जाति भील निवासी ग्राम मोकमपुरा तहसील रामा के परिवार द्वारा वर्ष 1959 से ग्राम मोकमपुरा में स्थित शासकीय कृषि भूमि सर्वे न. 208 पर कृषि की जा रही है, अत: प्रार्थी ने शासकीय भूमि का पट्टा प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
प्रार्थी खेनु पिता भीमा डामोर निवासी ग्राम पिपलिया तहसील झाबुआ द्वारा बताया गया कि प्रार्थी के दादा द्वारा पीढ़ी दर पीढ़ी शासकीय भूमि पर कब्ज़ा कर खेती की जा रही है एवं कब्ज़े वाली भूमि पर दण्ड भी भरा जा रहा है अत: प्रार्थी को भूमि का शासकीय पट्टा दिए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया।
प्रार्थी धारजी पिता मानसिंह डिन्डोर निवासी ग्राम सातेर तहसील पेटलावद का नाम आवास योजना की लिस्ट में आने के बाद भी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, सरपंच के पास 2-3 बार दस्तावेज़ जमा करने के बाद भी आवास योजना के पैसे प्रार्थी के खाते में नहीं आए अत: प्रार्थी ने योजना का लाभ प्राप्त करने के सम्बन्ध में आवेदन प्रस्तुत किया। प्रार्थी धावरिया पिता सुरपाल डामोर निवासी ग्राम सजेली सुरजी मोगजी साथ तहसील मेघनगर द्वारा आवेदन में बताया गया कि आवेदक के पास ग्राम सजेली सुरजी मोगजी साथ के दो समूह जय भवानी स्वयं सहायता समूह एवं जय मातादी स्वयं सहायता समूह की व्यवस्था देखने का दायित्व है, इन दोनों समूहों द्वारा व्यवस्थित रूप से शालाओं में भोजन दिया जा रहा है, शाला के शिक्षकों एवं पालक संघ को कोई शिकायत नहीं है परन्तु वर्त्तमान सरपंच समूह का अनुबंध समाप्त कर नए समूह को कार्य दिलाना चाहते हैं। अत: आवेदक द्वारा शालाओं में मध्यान्ह भोजन को अनुबंध को यथावत रखने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
प्रार्थी उदयसिंह पिता अमरा मुंनिया निवासी जामदा तहसील मेघनगर द्वारा मनोहर पिता लक्ष्मण मुनिया, सुरेश पिता मनोहर मुनिया, दिनेश मुनिया एवं नवलसिंह मुनिया के विरुद्ध आवेदन प्रस्तुत कर बताया की विरोधियों द्वारा बल पूर्वक प्रार्थी की ज़मीन का राजस्व रिकॉर्ड में हेरा-फेरी कर अपने नाम कर लिया गया।
अत: प्रार्थी ने राजस्व रिकॉर्ड में सुधार करने एवं विरोधियों द्वारा अपने पद का दुरपयोग करने के विरुद्ध जाँच कर दोषियों को सज़ा देने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इस प्रकार जनसुनवाई में कुल 49 आवेदन आए। कलेक्टर सुश्री हुड्डा द्वारा सम्बंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रेखा राठौर, अपर कलेक्टर एस.एस मुजाल्दा एवं सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
