मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

नवल सिंह सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, नवल नगर झिरी ज़िला बुरहानपुर के चुनाव निर्वाचन कार्यक्रम में हाई कोर्ट के आदेशों की अवहेलना हो रही है। नवल सिंह शक्कर कारखाना नामांकन फॉर्म भरने के लिये स्वर्गीय ठाकुर शिव कुमार सिंह किसान हितेषी समिति के सभी सदस्य गण शक्कर कारखाना पहुंचे, लेकिन कारखाना परिसर में निर्वाचन अधिकारी अनुपस्थित रहे साथ ही उनके कार्यालय में कोई अन्य अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित नहीं थे। ठाकुर शिव कुमार सिंह किसान हितेषी समिति नामक संगठन की ओर से श्री मुरलीधर महाजन ने बताया कि 16 अगस्त 2023 को नामांकन पत्र जमा करना था। किन्तु वहां कोई अधिकारी उपस्थित ना होने के कारण सारे किसान एवं स्वर्गीय ठाकुर शिव कुमार सिंह किसान हितेषी समिति के सदस्य गण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ज़िला सहकारिता विभाग में कोई भी कर्मचारी उपस्थित नहीं था। किसानों ने अपर कलेक्टर से मिलकर अपनी समस्या बताई।अपर कलेक्टर बुरहानपुर द्वारा एलडीएम साहब के पास भेजा गया। जहां एलडीएम साहब ने ज़िला सहकारिता अधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी से फोन पर चर्चा की, तब जाकर किसानों का ज्ञापन लिया गया।
इस दौरान नरेंद्र पटेल, सुभाष चौधरी, एकनाथ झोपे, राजू भाई डाबिया,देवा भाई चारण, प्रकाश मराठे, कैलाश पाटिल, आलोक मिश्रा, मनीष कोले, हर्षित सिंह ठाकुर, आदित्य वीर सिंह ठाकुर, देवेश्वर सिंह ठाकुर,के डी पटेल एवं भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों का कहना था कि नवलसिंह सहकारी शक्कर कारखाने का चुनाव नियम अनुसार अति शीघ्र किया जावे। नहीं तो किसानों द्वारा आंदोलन किया जावेगा।
