सेमरई वेटलैंड का होगा कायाकल्प | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

सेमरई वेटलैंड जिसे लम्बे समय से अपने संरक्षण व संवर्धन का इंतजार था वह अब पूरा होता दिख रहा है। सेव एन्वायरनमेंट ब्रिगेड यानी पर्यावरण संरक्षण बल देवदूत बनकर इस वेटलैंड के लिए आया है। इसके उद्धार के लिए संस्था भरसक प्रयास कर रही है। इसी संबंध में ग्राम सेमरई में हेल्थ एटीएम मशीन के उद्घाटन के उपरांत अनूप गुप्ता, विधान परिषद् सदस्य, लखीमपुर खीरी ने विजय कुमार शुक्ल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, गोला गोकर्णनाथ, सेव एन्वायरनमेंट ब्रिगेड संस्था के अध्यक्ष आकाश अवस्थी के साथ सेमरई वेटलैंड का निरीक्षण किया व वेटलैंड के विकास एवं रामसर साइट में शामिल करने पर मज़बूत कदम उठाने का आश्वासन दिया। सेव एन्वायरनमेंट ब्रिगेड 2009 से पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत है, अपने सफल अभियानों से इस संस्था ने बड़े अभियानों को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। गोला गोकर्णनाथ में स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क का व्यवस्थित किया, दस हज़ार से अधिक वृक्षों का रोपण किया एवं निरंतर पर्यावरण संरक्षण के लिये कार्य कर रहे हैं। संगठन शासन, प्रशासन एवं प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा भी कई बार पुरस्कृत हो चुका है। इसके संस्थापक प्रशांत मणि शुक्ल, सह संस्थापक मिलिन्द शुक्ल हैं इन्होने संस्था की नींव अपने बचपन में रखी तब इनकी उम्र 7 से 8 वर्ष की थी। वर्तमान में इसके अध्यक्ष आकाश अवस्थी हैं जो संस्था के साथ प्रारंभ से कार्यरत हैं, एवं संस्थापक सदस्य भी हैं, जो संगठन में सचिव, उप सचिव पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

सेमरई वेटलैंड महेशपुर वनरेंज के अंतर्गत ग्राम सेमरई (खोरी) में स्थित है, यह करीब 77.50 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें कई प्रजातियों के प्रवासी पक्षियों आते हैं। परन्तु अनदेखी की वजह से आज भी यह वेटलैंड अपने अस्तित्व के लिये जूझ रहा है। वेटलैंड के कायाकल्प की बात कई बार की गई थी, परन्तु, यह कार्य आज तक नहीं किया गया है। सरोवर के किनारे बना हुआ पक्षी बिहर जर्जर अवस्था में है। इसके पुनर्निर्माण की आवश्यकता है। इस वेटलैंड पर प्रवासी पक्षियों को देखने के लिये दूर-दूर से सैलानी आते थे, परन्तु वर्तमान में इसकी जर्जर अवस्था के कारण सैलानियों का आना ना के बराबर हो गया है। यह वेटलैंड बड़े क्षेत्रफल में फैला हुआ है, इसके विकास व संवर्धन से आस पास के निवासियों को लाभ होगा, रोजगार के नवीन अवसर खुलेंगे, जिला खोरी के पर्यटन को और बल मिलेगा साथ ही इस आद्र भूमि पर फूलों का बाग, सोलर प्लांट भी स्थापित किया जा सकता है जो सुन्दरता व प्राकृतिक ऊर्जा के प्रयोग को बल मिलेगा। संस्था ने बताया की हम पर्यावरण संरक्षण के लिए चौदह वर्षों से कार्यरत हैं एवं कई सफल अभियानों से हम बदलाव लायें है, गोला गोकर्णनाथ में मुखर्जी पार्क का कायाकल्प इसका बड़ा उदाहरण है, लम्बे समय से वृक्षारोपण कार्यक्रम हम चला रहे हैं। इसी कड़ी में सेमरई वेटलैंड के कायाकल्प के लिए हम प्रयासरत हैं और हमें विश्वास है की यह अभियान भी सफलता पूर्वक संपन्न होगा। सेव एन्वायरनमेंट ब्रिगेड ने ज्ञापन एवं सुझाव पत्र भी सौंपा। साथ में ग्राम सेमरई के प्रधान पंकज कुमार, अतुल भानू अवस्थी, डॉ. शिवेन्द्र अवस्थी, पूर्व प्रधान कौशल किशोर मिश्र, पूर्व प्रधान माया राम, चंद्र प्रकाश मिश्र, विजय प्रकाश मिश्र, लल्ला मिश्र, सुभाष चन्द्र मिश्र, साधू पांडे, अजय सिंह, नन्हे शुक्ल एवं भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version