अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के विभिन्न इलाकों में चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार युवकों को गोविंदपुरा थाना एवं क्राइम ब्रांच पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की हिरासत से एक चोरी की मोटरसाइकिल और कई अन्य सामान बरामद किये हैं।
भोपाल एसपी साउथ सिद्धार्थ बहुगुणा ने मीडिया को बताया कि मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर चार आरोपियों को सांची दुग्ध संघ के सामने से पकड़ा गया है। पकड़ाए गए आरोपियों में रेहान उर्फ बिट्टू 19 वर्ष पुत्र जावेद निवासी तलैया, फरहान उर्फ कांटा 18 वर्ष पुत्र उस्मान खाँ निवासी तलैया, नदीम कुरैशी 22 वर्ष पुत्र नवाब कुरैशी निवासी तलैया और एक नाबालिग के नाम शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से चुराई गई एक मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 04 जेडएम 8168 और सात मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
एसपी बहुगुणा का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ धारा 379, 392, 411 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
