साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार से राज्य के मुस्लिम समाज के धर्मगुरु मौलानाओं ने मुलाकात कर उन्हें बधाई देकर अपना समर्थन दिया है। महाराष्ट्र राज्य के पूर्व राज्यमंत्री एनसीपी प्रदेश जनरल सेक्रेटरी मीरा भाईंदर महानगरपालिका के विरोधी पक्षनेता डॉ आसिफ शेख व मुंबई के चीफ मुफ्ती मौलाना मंजूर जियाई के नेतृत्व में अजित पवार से मौलानाओं के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाक़ात की। इस अवसर पर मौलाना मुफ्ती मंजूर जियाई ने मुस्लिम समाज की समस्या पर चर्चा करते हुए मुस्लिम समाज के सामाजिक, आर्थिक विकास करने पर राज्य सरकार को ध्यान देने को कहा जिसपर अजित पवार ने हर तरह की मदद मुस्लिम समाज को देने का वादा किया। मीडिया से बातचीत करते हुए मौलाना मुफ्ती मंजूर ने कहा कि अजित पवार एक ताकतवर दबंग सेक्युलर नेता हैं और वे सभी समाज को साथ लेकर विकास की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टी धर्म व जाति के नाम पर समाज में ज़हर फैलाकर लोगों को भड़काने का काम कर रहीं हैं जिससे देश में शांति प्रेम भाईचारा खत्म हो सकता है लेकिन हम सब मिलकर इसका ताकत के साथ मुकाबला करेंगे। हिंदू मुस्लिम की राजनीति से नहीं बल्कि महाराष्ट्र व देश की तरक्की सभी समाज के लोगों की सामाजिक आर्थिक विकास करने से होगी। महाराष्ट्र का मुस्लिम समाज अजित पवार के साथ हमेशा रहोगा। इस अवसर पर जमाते इस्लामिया के मुफ्ती मौलाना अबूबकर, फैजाने रज़ा अकादमी के मौलाना शमीम कादरी, मुंबई मुस्लिम वेलफेयर बोर्ड के पदाधिकारी मौजूद थे।
