सुहेल फ़ारूक़ी, मुंबई, NIT;
9 अगस्त को मुंबई में आयोजित होने जा रहे मराठा मोर्चे को लेकर शहर में यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को काफी मेहनत करनी पड़ रही है। सोमवार को मुंबई पुलिस के यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चे की समन्वय समिति के सदस्यों से मिलकर मोर्चे को दौरान मुंबई के आम नागरिकों को तकलीफ न हो इसकी रूपरेखा तय की। मोर्चे में भाग लेने आने वाले लोखों लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। पुलिस ने संभावना व्यक्त की है कि मोर्चे में कई लाख लोग शामिल होंगे।
सोमवार को देर शाम यातायात पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक बुधवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। दादर अग्निशमन चौक से लेकर जेजे फ्लाइओवर ब्रिज और जेजे उड्डाण पुल से छत्रपति शिवाजी महाराज चौक तक दोनों तरफ का यातायात प्रतिबंधित किया गया है। इसी तरह मेट्रो और कोलाबा से आजाद मैदान की तरफ आने वाले यातायात को भी प्रतिबंधित किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ मराठा मोर्चा में भाग लेने के लिए आने वाले लोगों को लिए 8 से 10 अगस्त तक टोल माफ किए जाने की मांग मोर्चे की संयोजन समिति ने की है।
