मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

दाऊदी बोहरा समाज की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आध्यात्मिक शख्सियत और बोहरा समाज के 53 वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना आली क़ादर मुफद्दल सैफुद्दीन साहब इन दिनों बुरहानपुर प्रवास पर हैं। 2023 एवं 2024 के इलेक्शन के आलोक में बोहरा समाज के लोगों की कुरबत हासिल करने के लिए ज़िले के वीआईपी जनप्रतिनिधिगण उनसे मुलाक़ात के लिए तड़प रहे हैं। लेकिन हिज़ होलीनेस की तरफ से मुलाकात को हरी झंडी नहीं मिलने से वीआईपी नेतागण की तड़प बढ़ती जा रही है। आज बोहरा समाज के एक प्रतिष्ठित घराने में हिज हालिनेस साहब के लिए ज़ियाफ़त का प्रोग्राम आयोजित किया गया था और बुरहानपुर के विधायक जी को इसकी खबर लगने पर विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह उर्फ़ शेरा भैया ने अपने परिवार में पत्नी और बेटियों सहित, अपने भतीजे धवल राज सिंह देव सिंह विश्वजीत सिंह और विधायक प्रतिनिधि निर्मित शाह के साथ बोहरा समाज के एक प्रतिष्ठित परिवार के निवास पर पहुंच कर हिज होलीनेस डॉ सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब से मुलाक़ात करके उनका आशिर्वाद प्राप्त किया।

वहीं बुरहानपुर के विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि दाऊदी बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना आली कादर मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के बुरहानपुर आगमन पर आज विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा भैया ने परिवार के साथ दीदार कर धर्मगुरु का अभिनंदन किया। इस दौरान धर्मगुरु ने बड़ी प्रसन्नता के साथ आशीर्वाद देते हुए कहा कि आप हमेशा हम लोगों से मिलने आते हैं।आपको हम हमारे बीच पाकर अच्छा महसूस करते हैं। धर्मगुरु ने शेरा भैया के कार्यों की तारीफ करते हुए उन्हे आशीर्वाद स्वरूप शाल व परिवार को रुमाल दिया जिसकी बोहरा समाज की मान्यताओं में बड़ा महत्व है और यह पाने वाले को सौभाग्यशाली माना जाता हैI शेरा भैया ने धर्मगुरु से मुलाकात के पश्चात कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूँ कि मुझे यह अवसर प्राप्त हुआ है, जो हमारे लिए परोपकारी है। मैं सभी बोहरा समाज जनों का ऋणी रहूँगा कि उन्होंने मुझे यह अवसर प्रदान किया।
