अविनाश द्विवेदी, भिंड ( मप्र ), NIT;
भिंड जिला के लहार एसडीओपी अवनीश बंसल के विवादों में घिरने के बाद रात अजब मामला सामने आया है। कल रात 8 बजे से भिण्ड के सभी अधिकारियों ने भिण्ड के जाने माने WhatsApp ग्रुप को लेफ्ट कर दिया है। रात करीब 8 बजे से शुरू हुआ यह सिलसिला अब तक जारी है।
ज्ञात हो कि पिछले काफी समय से लगातार रेत के कारोबार में पुलिस की संलिप्तता को लेकर न केवल राजनीतिक दलों, बुद्धिजीवियों और WhatsApp ग्रुप से जुड़े पत्रकारों के द्वारा WhatsApp पर काफी कुछ लिखा जा रहा था। सभी अपने अपने विचारों को रख रहे थे, इसी बीच लहार एसडीओपी अवनीश बंसल के द्वारा पत्रकारों और नेताओं पर तीखी टिप्पणी की गई जिसको लेकर भिण्ड के WhatsApp ग्रुप पर काफ़ी बहस चली, इसी बीच में एसडीओपी अवनीश बंसल का एक वीडियो भी वायरल हो गया, इसी के बाद अचानक रात से जिले के पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाह सहित उनके सभी अधीनस्थ पुलिसकर्मियों ने तमाम WhatsApp ग्रुप से नाता तोड़ लिया है।
इस संदर्भ में जब भिण्ड पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाह से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि WhatsApp ग्रुप छोड़ने के पीछे पुलिस का कोई कारण नहीं है। जब हमने यह सवाल किया कि अब पत्रकारों और जनता से पुलिस का अब किस प्रकार से जुड़ाव रहेगा, तो उन्होंने कहा कि जुड़ाव के कई और भी माध्यम हैं और हम अपने स्तर से जनता से और पत्रकारों से जुड़े रहेंगे और पत्रकार गण जो भी जानकारी चाहते हैं वह हमसे सीधे फोन पर संपर्क करके ले सकते हैं।
