मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश फार्मासिस्ट एसोसिएशन की बुरहानपुर ज़िला इकाई का गठन मध्य प्रदेश फार्मासिस्ट एसोसिएशन की मध्य प्रदेश इकाई के सह सचिव एडी बच्चन की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसमें सर्वसम्मति से शैलेश पाटील को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रदेश सह सचिव एडी बच्चन ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष डॉक्टर शैलेश पाटील को पदभार ग्रहण करवाया और शुभकामनाएं दी। मीटिंग में निर्णय लिया गया था कार्यकारिणी समिति के अन्य पदों का निर्वाचन या मनोनयन आगामी मीटिंग में संपन्न होगा तथा उसमें आईटी सेल प्रभारी, सचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, संगठन मंत्री आदि की नियुक्तियां की जाएगी। मीटिंग में बुरहानपुर ज़िला इकाई में फार्मासिस्ट की समस्याओं पर चर्चा की गई जिसमें फार्मेसी एक्ट की धारा 42 के उल्लंघन पर कार्यवाही और फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में गैर फार्मेसी योग्यता धारी कर्मचारियों से दवा वितरण कराने पर कार्यवाही औषधि निरीक्षक द्वारा करवाने पर चर्चा की गई। फार्मेसी प्रैक्टिस एवं ड्रग इनफॉरमेशन सेंटर पर विस्तृत चर्चा की गई। फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशंस 2015 के प्रावधानों पर सभी को विस्तृत रूप से समझाया गया। इस दौरान रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट कपिल सूर्यवंशी, बालकृष्ण चौधरी, श्रीमती अनीता चौहान, सुनील लासूरे, नरेंद्र पाटील, जगदीश मोरे, मो. रेहान, मनोज गोरे, असित विश्वास, अशोक महाजन, दिलीप चौहान एवं अन्य उपस्थित थे। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ शैलेश पाटिल ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
