रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के 146 विधानसभा क्षेत्र में विकास यात्रा का विरोध हुआ है जिससे साफ जाहिर होता है कि जनता इस विश्वासघाती सरकार को उखाड़ फेंकेगी, यह आरोप स्थानीय विधायक कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया ने लगाते हुए कहा कि भाजपा की तथाकथित विकास यात्रा को मध्य प्रदेश की जनता ने निकास यात्रा बना दिया है। मध्य प्रदेश के इतिहास में इससे ज्यादा असफल और जनता जनार्दन के विरोध के बावजूद कर्मचारी अधिकारियों को मोहरा बनाकर जो विकास यात्रा निकाली जा रही है ऐसी यात्रा आज तक नहीं देखी। कोई जिला ऐसा नहीं जहां भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा का विरोध ना हुआ हो।
जगह-जगह जनता शिकायत कर रही है की बिजली नहीं है, पानी नहीं है, प्रधानमंत्री आवास की राशि का आवंटन नहीं, फसल बीमा नहीं मिला, किसानों की हालत खराब, युवा बेरोजगार भटक रहा है, महंगाई आसमान छू रही है, विकास यात्रा में अगर आवाज जनता उठाती है तो उन्हें डराया धमकाया जा रहा है, प्रदेश में ऐसा मुख्यमंत्री काबिज़ है जो कमलनाथ सरकार के 15 माह का हिसाब मांग रहा है और जनता इनसे 195 माह का हिसाब मांग रही है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को घोषणा मशीन झूठ बोलने की मशीन, घोटाले की मशीन, भ्रष्टाचार की मशीन और जनता को भ्रमित करने की मशीन की संज्ञा और पूरे प्रदेश में दी जा रही है। जनता इनकी कथनी ओर करनी का अंतर समझ चुकी है।
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।
मध्य प्रदेश में हाल ही में 6755 पटवारियों के पद पर फार्म भरने वालों की संख्या 12 लाख 79 हजार के ऊपर हो गई जिसमें बीटेक, बीई, एमबीए, पीजी, पीएचडी जैसे बेरोजगार पटवारी पद की लाइन में हैं और 30 लाख के करीब बेरोजगार मध्यप्रदेश में भटक रहे हैं। सरकार लोन पर लोन लिए जा रही है और घोटाले पर घोटाले कर रही है।
पोषण आहार छात्रवृत्ति यूनिफार्म व्यापम नल जल योजना कन्यादान योजना स्मार्ट सिटी भावांतर योजना घोटाला ऐसे अनगिनत घोटाले कर मध्य प्रदेश को घोटाला प्रदेश बना दिया गया है।
पूरे प्रदेश में कर्मचारी रोज अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन हड़ताल कर रहे हैं भाजपा सरकार विकास यात्रा के नाम पर जनता को भ्रमित करने में लगी हुई है। अब यह भाजपा की विदाई यात्रा साबित होगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश राका ने विकास यात्रा को विदाई यात्रा की संज्ञा देते हुए कहा की आज शिक्षा स्वास्थ्य उद्योग रोजगार के प्रति कोई कार्य योजना भाजपा सरकार में नहीं बनाई गई। संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करके चुनी हुई सरकार को गिरा कर जो प्रदेश का बंटाधार किया है 2023 में जनता जनार्दन भाजपा सरकार को विदाई दे देगी।
इस अवसर पर पेटलावद विधायक वाल सिंह मेडा, संभागीय कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल आदि नेता उपस्थित थे।
