गुलज़ार अहमद, मैनपुरी ( यूपी ), NIT;
मैनपुरी कलेक्ट्रेट के तिकोनिया पार्क में शिक्षा मित्रों का धरना प्रदर्शन सातवें दिन भी जारी रहा। शिक्षामित्रों ने महामहिम राज्यपाल के नाम अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर उप्र में समायोजित शिक्षक शिक्षिकाओं के लिए संविधान में संशोधन करवाकर पुनः बहाली किये जाने एवं तब तक समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाने की मांग की है।
बताते चलें कि पिछले 6 दिनों से अपनी मांगों को लेकर लगातार शिक्षामित्र मैनपुरी के तिकोनिया पार्क में धरना प्रदर्शन कर रहे हैंआज सातवें दिन शिक्षामित्रों ने महामहिम राज्यपाल के नाम अपर जिलाधिकारी मैनपुरी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि 1 लाख 72 हजार समायोजित शिक्षक माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बेघर/बेरोजगार हो गए हैं। आजीविका चली जाने के कारण कुछ शिक्षामित्रों ने आत्महत्या कर ली है, कुछ की हृदय घात रुक जाने के कारण मृत्यु हो गयी है। शेष सभी समायोजित शिक्षक गहरे सदमे में हताशा व निराशा में जीवन यापन कर रहे हैं। आज उप्र के समायोजित शिक्षकों में भुखमरी/बेरोजगारी का संकट पैदा हो गया है। इनका न्यायोचित निराकरण करवाकर इनकी मांगों को पूरा करवाने का कष्ट करें। ज्ञापन में एक लाख 72 हजार समायोजित शिक्षक/शिक्षिकाओं की 17 वर्षो की सेवाओं को ध्यान में रखते हुए मानवीय सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कारवाही की मांग करते हुए क्रमशः उप्र समायोजित शिक्षक/शिक्षिकाओं के लिए संविधान में संशोधन पुनः बहाली करवाने एवं तब तक समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने की बात कही गयी है।
इस अवसर पर आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर ऐसोशिएशन मैनपुरी के जिलाध्यक्ष हेमसिंह यादव, उपाध्यक्ष अंकित यादव, महिला जिला प्रभारी पिंकी राठौर, अध्यक्ष महिला मोर्चा संध्या चौहान, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष शुभम शक्ति भदौरिया, सुल्तानगंज ब्लॉक अध्यक्ष सनत पाण्डे, राजा ठाकुर, अनुराग मिश्रा, पूनम, संजू, दिव्या, स्मृति आदि लोग मौजूद थे।
