अशफाक कायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

आयकर विभाग ने गुरुवार सुबह राजस्थान के बीकानेर, नोखा समेत जोधपुर में BJP व कांग्रेस नेताओं, क्रिकेट सटोरिया और कारोबारियों के 6 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अब भी जारी है। इन लोगों से जुड़े 40 से ज्यादा ठिकानों पर सर्च भी किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान एक कारोबारी के रिश्तेदार की तबीयत खराब हो गई, जिन्हें हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है।
आयकर विभाग की टीम ने सुबह 7 बजे नोखा में झंवर ग्रुप पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। झंवर के साथ ही उनके सहयोगियों के घरों पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। बीकानेर शहर में चायल ग्रुप और राठी ग्रुप पर भी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी में अब तक भारी संख्या में लेनदेन के दस्तावेज और नगदी मिली है। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में सोने-चांदी की ज्वैलरी भी मिली है।
एक साथ पहुंची बीस से ज्यादा गाड़ियां
विभाग की टीमें बीस से ज्यादा गाड़ियों में एक साथ मौके पर पहुंचीं। एक टीम नोखा के श्रीनिवास झंवर के घर पहुंची तो दूसरी टीम नोखा में ही उनकी फैक्ट्री पर पहुंची। इसके अलावा हनुमान झंवर, लाला झंवर के प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की गई है। टीम ने जब झंवर ग्रुप से जुड़े बृजरतन तापड़िया से पूछताछ की तो उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें नोखा हॉस्पिटल ले जाया गया। झंवर के दाल मील समेत मंडी में अनाज का व्यापार है।
