यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर वार्ड नम्बर 4 के लोग काफी समय से पट्टे की उम्मीद लगाए हुए थे और उनकी उम्मीद भी धीरे धीरे दम तोड़ रही थी तभी नगर परिषद सभापति खुशबू सिंह को पट्टे के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने उक्त लोगों के पट्टे बनवाकर बांट दिए। पट्टे देखकर लोग भावुक हो गए और उन्होंने सभापति का आभार जताया। वार्ड नम्बर 4 के लोग काफी समय से पट्टे की उम्मीद लगाए हुए थे मगर उन्हें पट्टे नहीं मिलने के कारण उनकी उम्मीद भी टूटने लगी। तभी स्थानीय पार्षद जय सिंह राणा ने सभापति खुशबू सिंह को इस बारे में अवगत कराया। सभापति ने पट्टे को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए, निर्देश मिलते कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने पट्टे तैयार करवाये। शुक्रवार को सभापति खुशब सिंह ने वार्ड नम्बर 4 के लोगों को पट्टे वितरित किए। पट्टों को देखकर लोग भावुक हो गए और कहने लगे कि काफी समय चक्कर लगा रहे थे लेकिन हमारी वेदना किसी ने नहीं सुनी और हम भी उम्मीद छोड़ चुके थे लेकिन अचानक हमारी उम्मीद सभापति खुशबू सिंह पर टिक गई क्योंकि सभापति ने हमें आश्वासन दिया था और उन्होंने जो कहा वह कर दिखाया। इस मौके पर लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया और फूल मालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर सभापति खुशबू सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों का समय पर कार्य होना चाहिए और उन्हें बेवजह चक्कर नहीं लगवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसे ही मुझे पता चला तो मैंने उनके तुरंत पट्टे बनवाये। सिंह ने कहा कि मेरा उद्देश्य है कि लोगों के तुरंत काम होना चाहिए और सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी मिलना चाहिए। इस अवसर पर पार्षद जय सिंह राणा सहित वार्डवासी मौजूद रहे।
