गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:

स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत सुपर क्लीन संडे के दौरान दतिया में साफ-सफाई अभियान कलेक्टर श्री संजय कुमार के नेतृत्व में सभी 36 वार्डों में एक साथ रविवार को प्रातः 7 बजे से प्रातः 9.30 बजे तक संचालित हुआ। सुपर क्लीन संडे के तहत सफाई कार्य में शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा समाज के विभिन्न वर्गो, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी कर बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
गृह मंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्र की पहल पर जिले में प्रति रविवार को निंरतर नगर में सुपर क्लीन संडे आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से लोगों को अपने आसपास सफाई रखने के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश देकर स्वच्छता के मामले में नगर को अग्रणीय जिलों में लाना है। इस कार्य में नगर पालिका दतिया के सफाई कर्मचारी भी सहयोग कर रहे हैं।
कलेक्टर श्री कुमार ने नगर के 36 वार्डों में स्वच्छता के कार्य को गति देने हेतु जिला अधिकारियों को उनके अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम के साथ जबावदेही सुनिश्चित की है। इस कार्य में नगर की स्वयंसेवी संस्थाऐं, विभिन्न सामाजिक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि के साथ मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, स्काउट गाइड, एनसीसी एवं एनएसएस के वाॅलंटियरों ने भी भाग लेकर सहयोग किया।
कलेक्टर श्री संजय कुमार ने सुपर क्लीन संडे के तहत नगर में किए जा रहे सफाई कार्य के तहत राजगढ़ चौराहा, मुड़ियन का कुआं, भाण्डेरी फाटक, बुंदेला कालोनी, झांसी चुंगी, ठंडी सड़क, सब्जी मंडी आदि क्षेत्रों का जायजा लिया। जहां गंदगी दिखाई दी उन्होंने वहां की साफ-सफाई कर कचरे को विधिवत डस्टविन में डाला। सुपर क्लीन संडे के तहत शासकीय कार्यालय परिसरों में भी कार्यालय प्रमुख के नेतृत्व में अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश भार्गव, डाॅ. राजू त्यागी सहित विभिन्न विभागाों के अधिकारियेां ने भी उन्हें आवंटित वार्डों में पहुंचकर सफाई कार्य में भाग लिया।
