पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

मप्र सरकार द्वारा नवीन कोरोना गाइडलाइन के तहत मेला, हाट आदि सार्वजनिक मेलमिलाप के आयोजनों पर लगे प्रतिबंध को हटाए जाने के निर्णय के बाद अब 15 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन ग्वालियर व्यापार मेला का आयोजन सुनिश्चित हो गया है। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष व प्रवक्ता अनिल पुनियानी ने आज जयविलास पैलेस में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंटकर उन्हें ज्ञापनपत्र देकर आग्रह किया कि ग्रीष्मकालीन ग्वालियर व्यापार मेला के आयोजन की तैयारियों को अविलंब प्रारंभ किया जाए। श्रीमंत सिंधिया ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि ग्रीष्मकालीन ग्वालियर मेला के आयोजन के संबंध में उनकी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से कल ही बात हुई है, व्यापारीगण निश्चिंत रहें।मेला व्यापारियों एवं सैलानियों की भावनानुसार ग्रीष्मकालीन व्यापार मेला अवश्य लगाया जाएगा। मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि ग्रीष्मकालीन मेला में ऑटोमोबाइल सेक्टर भी अनिवार्य रूप से लगाकर वाहनों की खरीदफरोख्त पर आरटीओ टैक्स में पूर्वानुसार छूट दी जाए ताकि कोरोना की तीन लहरों की मार झेल चुके ऑटोमोबाइल व्यापारियों और वाहन खरीदने के इच्छुक सैलानियों को कुछ राहत नसीब हो सके। मेला व्यापारी संघ के इस आग्रह पर केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आश्वस्त किया कि ग्रीष्मकालीन ग्वालियर मेला में ऑटोमोबाइल सेक्टर लगाकर इसमें वाहनों की खरीदफरोख्त पर आरटीओ टैक्स में छूट दिलाने के लिए वे संबंधित विभाग से चर्चा करेंगे।
