गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन ने संपूर्ण मध्यप्रदेश में सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत थाना स्तरीय समितियों का गठन किया है, जोकि सराहनीय है। इसके लिए समिति के संयोजक एवं सदस्यगण पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें। हम सबका प्रयास होना चाहिए कि 2 पक्षीय महौल में यदि एक पक्ष अपना शत-प्रतिशत देता है, तो दूसरा पक्ष भी अपना यदि कुछ कम भी देगा तो परिणाम अच्छे आयेंगे। इसके लिए प्रतिमाह थाना स्तर पर बैठक होगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उन बैठकों का समन्वय करेंगे। नगर पुलिस अधीक्षक, नगर निरीक्षक और उस बाजार के व्यवसाई सब मिलकर सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव, नौकरों का पुलिस वैरिफिकेशन, व्यवसाइयों के पहचान पत्र, अतिक्रमण हटाने, शहर को स्वच्छ बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगतान देंगे।
कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने कहा कि कैट का प्रयास होगा कि ग्वालियर शत-प्रतिशत सीसीटीवी कैमरायुक्त शहर होगा। थाना स्तरीय कमेटियां एक मिशन के रूप में इस कार्य को संपादित करेंगी और इसके लिए निःशुल्क मेंटीनेंस शिविर भी आयोजित किये जायेंगे। यदि हम सीसीटीवी कैमरे लगाते हैं तो न सिर्फ अपना व्यवसाय, अपना निवास एवं शहर को सुरक्षित करते हैं बल्कि समाज के लिए हितकारी कार्य करेंगे।
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के जिला संयोजक दीपक पमनानी, महामंत्री मुकेश जैन एवं उपस्थित सभी संयोजकों ने व्यापारी शैलेन्द्र गोयल की जो लूट हुई थी उसे समय सीमा में बरामद करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का अभिनंदन किया और धन्यवाद पत्र सौंपा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतेन्द्र सिंह तोमर, डीएसपी क्राईम विजय सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नागेन्द्र सिंह, नरेन्द्र कुमार का भी दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया।
थाना स्तरीय समिति की बैठक में कैट के संजय कट्ठल, मनोज चौरसिया, दिलीप पंजवानी, श्रीमती कविता जैन, मयूर गर्ग, नीरज चौरसिया, राहुल अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, विकास हरलालका, उदित चतुर्वेदी सहित अनेक लोग विशेष रूप से उपस्थित थे।
निःशुल्क सीसीटीवी कैमरा मेंटिनेंस शिविर सोमवार से प्रारंभ किया जायेगा और 20 फरवरी से थाना स्तरीय बैठकें प्रारम्भ की जायेंगी।
