दया शंकर पांडेय, ब्यूरो चीफ, प्रतापगढ़ (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चुनावी दंगल के शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की विख्यात कुंडा विधानसभा सीट भी शामिल है। समाजवादी पार्टी के इस फैसले का अब विरोध हो रहा है। कुंडा के दिवंगत सीओ जियाउल हक की पत्नी परवीन आजाद ने समाजवादी पार्टी द्वारा गुलशन यादव को कुंडा विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाए जाने पर तगड़ा विरोध जताया है। 2013 में कुंडा में तैनात सीओ जियाउल हक की हत्या कर दी गई थी और हत्या का आरोप गुलशन यादव पर लगा था।
परवीन आजाद ने सपा प्रत्याशी गुलशन यादव पर सवाल उठाते हुए कहा है कि लोकतंत्र में जनता के बीच साफ सुथरी और निष्पक्ष छवि के लोगों को होना चाहिए। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी सपा ने कुंडा व बाबागंज विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारे थे। 2012 में सपा की सरकार बनी तो रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। सीओ हत्याकांड में नाम आने की वजह से राजा भइया को अखिलेश मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। सीओ हत्याकांड की सीबीआई जांच हुई थी और सीबीआई ने अपनी जांच में राजा भइया को क्लीन चिट दे दी थी
आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी ने रघुराज प्रताप उर्फ़ राजा भइया के खिलाफ कुंडा विधानसभा सीट से गुलशन यादव को प्रत्याशी बनाया है। राजा भइया के खिलाफ 15 वर्षों तक सपा ने कुंडा विधानसभा में प्रत्याशी नहीं उतारे थे। राजा भइया का 1993 से कुंडा विधानसभा सीट पर लगातार निर्दलीय विधायक का डंका बज रहा है। राजा भइया ने बीते साल एक पार्टी का गठन किया है।कुंडा और बाबागंज विधानसभा राजा भइया का गढ़ है। राजा भइया का इन दोनों विधानसभाओं पर लंबे समय से प्रभाव है।प्रभाव हो भी क्यों न राजा भइया इन दोनों विधानसभाओं में सभी के सुख दुख में जो पहुंचते हैं.
राजा भइया करते हैं लोगों के दिलों में राज
कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया भदरी रियासत के राजा हैं जो लोगों के दिलों में राज करते हैं। राजा भइया हर साल गरीब कन्याओं की शादी करवाते हैं। बेती राजमहल महल में जनता दरबार लगाकर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को दूर करते हैं। यही नहीं अपने लखनऊ आवास पर भी जनता दरबार लगाकर प्रदेश से आए हुए लोगों की भी समस्याओं को दूर करना, निःशुल्क नेत्र शिविर लगवाना, गरीब लोगों का अपने पैसे से इलाज कराना, बाबा हौदेश्वर नाथ धाम का सौंदर्यीकरण कराना, 14 सड़कों का चौड़ीकरण कराना, ऐसे बहुत से काम हैं जिससे राजा भइया लोगों के दिलों में राज करते हैं।
