मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

पंजाब दौरे के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के विरोध में भाजपा का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इसके तहत आज बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी को भाजपा नेताओं सहित शहर के प्रबुद्धजनों ने पत्र लिखकर शिकायत भेजी। जिसमें पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश जताया गया। इसके लिए नितिन महाजन जिला मंत्री और मधु चौहान जिला उपाध्यक्ष को प्रभारी बनाया गया था। पत्र पोस्ट से भेजा गया। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज भीमसेन लधवे ने बताया कि पत्र के माध्यम से भाजपा नेताओं ने अपनी ओर से पंजाब में हुई चूक को लेकर विरोध दर्ज कराया। जिसमें कहा गया कि पीएम की सुरक्षा में जो घोर लापरवाही और चूक की गई वह बहुत ही शर्मनाक और दुःखद घटना है। ऐसी घटना इतिहास में हमारे दो पूर्व प्रधानमंत्रियों को हमसे छीन चुकी है। यह पूर्ण देश के लिए एक शर्मसार करने वाली घटना है। बीच रास्ते में फ्लाई ओवर पर कुछ अराजक तत्वों का जो कि किसानों की आड़ लेकर आए थे, कोई भी घिनौना कृत्य उस स्थान पर कर सकते थे। घटना पूर्व में प्रायोजित नजर आती है। यह एक गैर जिम्मेदारी और लापरवाहीपूर्ण घटना पंजाब राज्य में घटित हुई है। इसलिए इस घटना की जिम्मेदारी तय करते हुए पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री चरणजीतसिंह चन्नी की सरकार के खिलाफ उचित कदम उठाकर उन्हे मुख्यमंत्री पद से तत्काल हटाया जाना चाहिए। ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति दोबारा न हो।
इस दौरान भाजपा कार्यालय पर नेपानगर विधायक सुमित्रा कास्डेकर, मुकेश शाह, देवेन्द्र सोवले, जीतेन्द्र प्रजापति सहित अन्य मौजूद रहे।
