गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

अकबरपुर से जो तस्वीर सामने आई है उसे देखकर यही प्रतीत होता है कि भाजपा नेताओं की मानवीय संवेदनाएं मर चुकी हैं। जिस लाचार युवक को इलाज की जरूरत थी उसे भाजपा नेता BJP का झंडा थमा कर पार्टी की टोपी, पट्टा पहनकर चले गए। असहाय युवक के जख्म पर भिनभिनाती मक्खियां और युवक के दर्द की सिसकियां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के राजनीतिक कार्यक्रम शोर में दबकर रह गईं।

आपको बता दें कि अकबरपुर बस स्टैंड पर लावारिस अवस्था में घूम रहे युवक को भाजपा नेताओं ने पार्टी के प्रचार के लिए चिन्हित किया क्योंकि आज अकबरपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की चुनावी सभा मुकर्रर थी और भाजपा नेताओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों की जरूरत थी जो पार्टी का झंडा थाम कर योगी मोदी के जयकारे को गुंजायमान कर सकें। भाजपा नेताओं को बस स्टैंड पर एक लावारिस युवक मिल गया जिसे भाजपा नेताओं ने पार्टी की टोपी और पट्टा पहनाकर सम्मानित किया और पार्टी का झंडा थमा दिया ताकि जब जेपी नड्डा वहां से गुजरें तो उन्हें पार्टी का झंडा लहरता हुआ मिले।
अफसोस इस बात का है कि जिस युवक को इलाज की बेहद जरूरत थी उसका इलाज कराने के बजाय भाजपा नेताओं ने उसे पार्टी का झंडा थमा दिया। क्या पार्टी का झंडा थाम लेने के युवक का जख्म भर जाएगा या फिर भाजपा नेता को उस युवक का जख्म दिखाई नही दिया। क्या भाजपा नेताओं की मानवीय संवेदनाएं मर चुकी हैं जो किसी गरीब को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराना भी मुनासिब नहीं समझते हैं।
