हिमांशु सक्सेना, ग्वालियर (मप्र), NIT:

क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने 30 दिन में अलग-अलग स्थानों से गायब हुए 31 मोबाइल ट्रेस करने का दावा किया है। बरामद मोबाइलों की कीमत पुलिस ने पांच लाख 34 हजार रुपये बताई है। एसपी अमित सांघी ने बरामद मोबाइलों को गुरुवार को शिकायतकर्ताओं को बुलाकर वापस किए। मोबाइल मिलने पर लोग खुश हो गए। दो लोग तो ऐसे थे, जो कि मोबाइल गुम होने के बाद दोबारा ले भी नहीं पाए थे। गौर करने वाली बात यह है कि प्रतिदिन चार से पांच मोबाइल गायब होने की सूचना साइबर सेल में दर्ज होती है।
एएसपी राजेश दंडौतिया ने साइबर सेल को निर्देशित किया था कि गुम होने वाले मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद करने की कार्रवाई में तेजी लाएं। ट्रेस होने के बाद मोबाइल कहां एक्टिव हैं, उस मोबाइल को बरामद करने के लिए संबंधित थाने की पुलिस से मदद ली जा सकती है। क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी डीपी गुप्ता व साइबर सेल प्रभारी एसआइ रजनी सिंह ने बताया कि जब्त मोबाइल एपल कंपनी से लेकर सभी कंपनियों के हैं। यह मोबाइल कमलाराजा अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक, किसान, छात्र, मजदूर एवं दुकान चलाने वाली महिला के थे।
