अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल के कांग्रेसी विधायक आरिफ मसूद ने त्रिपुरा में चल रहे साम्प्रदायिक दंगो को रोकने के लिए महामहिम राष्ट्रपति के नाम पत्र लिख कर उच्च स्तरीय जाँच कराकर दोषियों पर कार्यवाही करने की मांग की है। विधायक आरिफ मसूद ने अपने पत्र में लिखा है कि त्रिपुरा राज्य में पिछले कुछ दिनों से झड़प, मारपीट और तोड़फोड़ की खबरें दैनिक समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हो रही हैं, विस्तार से जानने पर यह ज्ञात हुआ कि एक विशेष धर्म को मानने वाले लोगों एवं उनके धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ की जा रही है। उक्त घटना विश्व हिन्दू परिषद और बजरंगदल के द्वारा कारित की जा रही है जिससे त्रिपुरा के कई इलाकों में साम्प्रदायिकता का माहौल बना हुआ है। सम्पूर्ण घटना राज्य शासन के संज्ञान में होने के बावजूद कोई कठोर कदम नहीं उठाया गया जिससे हिंसा करने वाले लोगों को बल मिल रहा है। अतः मेरा आपसे आग्रह है कि इस प्रकार की घटनाओं को तत्काल रोका जाए जिससे की विश्व स्तर पर लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र के नाम पर अपनी पहचान बनाने वाले भारत देश की छवि धूमिल ना हो। कृपया उपरोक्त सम्पूर्ण घटनाक्रम की उच्च स्तरीय चांच कराकर दोषियों पर कार्यवाही करने एवं शांति बहाली हेतु त्रिपुरा राज्य शासन को आदेशित करने की कृपा करें।
