अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

बिहार के भागलपुर जिला के कहलगांव थाना पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब उसने हाल के ही दिनों में हुए दो डकैती कांड का खुलासा करते हुए इसमें शामिल तीन अपराधियों को, तीन देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, 2 लाख 24 हजार रुपया नगद और तीन मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया.
इस संबंध में पूछे जाने पर कहलगांव एसडीपीओ रेशु कृष्णा ने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर दो डकैती कांड में शामिल 3 अपराधियों को लूटे गए रकम और हथियार के साथ धर दबोचा गया है।
आपको बताते चलें कि 24 जून को रिटायर्ड प्रोफेसर के घर हुए डकैती मामले में दो और उत्कर्ष बैंक लूट कांड में एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों लूट कांड का मास्टरमाइंड अवनीश कुमार उर्फ आशीष पासवान को झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से लूटी गई राशि से 2 लाख 1 हजार रुपये और एक देसी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया। जबकि उसकी निशानदेही पर रिटायर्ड प्रोफेसर के घर में हुए डकैती कांड में शामिल भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र का सनी उर्फ राहुल को लूट के 12 हजार रुपये और एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा गया। दोनों गिरफ्तार अपराधियों के निशानदेही पर कहलगांव के वार्ड संख्या 7 के निवासी संतोष कुमार शाह को लूट के 11 हजार रुपया, एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा गया।
पुलिस दोनों डकैती कांड में शामिल और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। गिरफ्तार तीनों अपराधियों का अपराधिक इतिहास रहा है।
