Edited by Maqsood Ali; नई दिल्ली, NIT;
राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए भाजपा ने दलित नेता व बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद को राष्ट्रपति पद के लिए राजग के उम्मीदवार के रुप में नामित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं को इसकी जानकारी दी। भाजपा संसदीय बोर्ड की करीब दो घंटे तक चली बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि कोविंद 23 जून को इस शीर्ष संवैधानिक पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को इस पद के लिए राजग के चयन के बारे में सूचित कर दिया गया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, मुझे उम्मीद है कि इस नाम पर सभी सहमत होंगे। राष्ट्रपति पद के राजग उम्मीदवार के लिए सभी दलों के सहयोग की उम्मीद जाहिर करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा और राजग यह आशा करते हैं कि दलित के घर में जन्म लेने वाले और संघर्ष करके सार्वजनिक जीवन में मुकाम बनाने वाले रामनाथ कोविंद सर्वसम्मत प्रत्याशी होंगे।
उन्होंने कहा कि नामांकन की तिथि रामनाथ जी से सलाह करके तय की जायेगी लेकिन यह 23 जून होने की संभावना है। उपराष्ट्रपति पद के लिए राजग के उम्मीदवार के बारे में एक सवाल के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अभी उस बारे में कुछ तय नहीं हुआ है। यह पूछे जाने पर कि क्या राष्ट्रपति पद के लिए राजग के उम्मीदवार को सभी दलों का समर्थन मिलेगा, शाह ने कहा कि हमने तो बहुत आशा के साथ फोन किया है। मुझे लगता है कि आम तौर पर सभी सहमत होंगे। सभी लोगों से बात भी करने वाले हैं। मैं तो आशा करता हूं कि सभी सर्वसम्मति बनायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं को इसकी जानकारी दी है।
